दुर्ग, 25 जुलाई 2026। रायपुर–दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी ओवरब्रिज के समीप चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हो गया है। जलभराव के चलते वाहनों की आवाजाही धीमी गति से हो रही है। स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों की सुविधा और यातायात का दबाव कम करने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर, अमलेश्वर होते हुए रायपुर जाने की सलाह दी गई है।
वहीं, बालोद से रायपुर जाने वाले भारी वाहन अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर और अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंच सकते हैं।
ट्रांसपोर्ट नगर/भिलाई से रायपुर जाने वाले वाहनों के लिए अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव होते हुए रायपुर जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है।
इसी तरह भिलाई एवं भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों को रायपुर जाने के लिए उतई, सेलूद, फूंडा और मोतीपुर मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
यातायात पुलिस की अपील
दुर्ग यातायात पुलिस ने नागरिकों से रायपुर की ओर यात्रा करने से पहले पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने और संभव हो तो निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश से बचने तथा यातायात पुलिस के निर्देशों और डायवर्सन व्यवस्था का पालन करने की भी अपील की है।
