रायपुर, 24 सितंबर 2026। आजाद चौक थाना क्षेत्र में सिग्नल खंभों एवं जंक्शन में लगे ITMS कैमरों के केबल और पावर केबल चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रोहित चौहान ने थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 से 20 सितंबर 2026 के बीच आजाद चौक क्षेत्र में सिग्नल खंभों और जंक्शन में लगे ITMS कैमरा केबल एवं पावर केबल चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 229/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ में हरि ओम देवांगन, गीतिका देवांगन और राजकुमार रक्सेल द्वारा चोरी की घटना में संलिप्त होना स्वीकार किया गया।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी किए गए ITMS कैमरा एवं पावर केबल पुलिस ने बरामद कर विधिवत जब्त किए। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:

  1. हरि ओम देवांगन, पिता स्व. कृष्ण कुमार देवांगन, उम्र 20 वर्ष, निवासी बजरंग नगर, आजाद चौक, रायपुर।
  2. गीतिका देवांगन, पति हरि ओम देवांगन, उम्र 19 वर्ष, निवासी बजरंग नगर, आजाद चौक, रायपुर।
  3. राजकुमार रक्सेल, पिता स्व. माखन रक्सेल, उम्र 55 वर्ष, निवासी सुंदरानी वीडियो के पीछे, थाना मौदहापारा, रायपुर।