मुजगहन पुलिस ने हत्या और महिला से मारपीट के दो मामलों का किया खुलासा
- दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या का आरोप, 29 वर्षीय युवक गिरफ्तार
- अकेली महिलाओं को देखकर साइकिल से करता था पीछा, पुलिस ने दबोचा
- सैकड़ों CCTV फुटेज खंगालने के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस
- आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल, साइकिल और कपड़े बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और महिला से मारपीट के दो अलग-अलग मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में सेजबहार निवासी 29 वर्षीय देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अकेली महिलाओं को देखकर साइकिल से उनका पीछा करता था और मौका पाकर उन्हें निशाना बनाता था।
पुलिस के अनुसार 21 जुलाई 2026 को न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लॉट में भरे पानी में महिला का शव मिला था। मृतिका के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान पाए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से श्वास अवरुद्ध होने को मौत का कारण बताया गया। इसके बाद मुजगहन थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वहीं 5 अगस्त को सेजबहार क्षेत्र में एक महिला से मारपीट की घटना सामने आई थी। पीड़िता के अनुसार रात करीब 8:30 बजे घर जाते समय एक अज्ञात युवक ने उसका पीछा किया। आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए महिला को नाली में धक्का दिया और उसके साथ मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आठ से अधिक टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थलों और आसपास के रास्तों पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही पुराने आपराधिक मामलों में शामिल आरोपियों और हाल ही में जेल से रिहा हुए संदिग्धों की गतिविधियों की भी जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सेजबहार निवासी देवेन्द्र कुमार साहू के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने महिला की हत्या सहित दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने मृतिका को अकेले जाते हुए देखकर साइकिल से उसका पीछा किया। इसके बाद उसके साथ झूमाझटकी की और उसे घटनास्थल के पास पानी में ले गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और इसके बाद गला दबाकर तथा उसके मुंह और नाक को पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद वह मृतिका का मोबाइल लेकर साइकिल से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त साइकिल और घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।
पहले भी गंभीर अपराध में जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। मुजगहन थाने में वर्ष 2017 में दर्ज दुष्कर्म, पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं के मामले में आरोपी को न्यायालय ने 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। इसके अलावा टिकरापारा थाने में वर्ष 2025 में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।
पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला, पिता तुकाराम साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी सेजबहार आमापारा, थाना मुजगहन, जिला रायपुर को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
