छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कुम्हारी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर तेज रफ्तार स्कूटी सड़क पर खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गुरुवार सुबह करीब 10 से 10:30 बजे कुम्हारी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर यह भीषण सड़क हादसा हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूटी क्रमांक CG 07 DE 5847 पर एक ही
परिवार के पांच लोग सवार जो दुर्ग से रायपुर आ रहे थे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटी चालक आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और स्कूटी सीधे ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं स्कूटी पर सवार एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस, यातायात पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है