रायपुर, 23 सितंबर 2026। गणेश विसर्जन झांकियों के सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक दोपहर 3 बजे C-4 भवन में आयोजित की गई। इसमें रायपुर कमिश्नरेट के विभिन्न जोन, क्राइम एवं यातायात के डीसीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा एसडीआरएफ के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में गणेश विसर्जन झांकियों के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयोजकों से निर्धारित मार्ग, समय एवं झांकियों के क्रम का पालन करने, अनावश्यक रूप से झांकी नहीं रोकने और पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स की व्यवस्था करने को कहा गया। वॉलंटियर्स को पहचान पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश पर भी सहमति बनी।
नशे और हथियारों पर रोक, डीजे के इस्तेमाल के नियमों का पालन जरूरी
पुलिस ने आयोजकों को झांकी के दौरान नशे का सेवन नहीं करने और किसी भी प्रकार के हथियार या धारदार वस्तु नहीं रखने के निर्देश दिए। ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप करने, आपातकालीन वाहनों तथा पीछे से आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खुला रखने और पुलिस एवं यातायात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने पर भी सहमति बनी।
सदर बाजार के जर्जर भवनों पर चर्चा, रूट परिवर्तन को लेकर असहमति
बैठक में सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों से जुड़े सुरक्षा जोखिमों पर विशेष चर्चा की गई। पुलिस, नगर निगम एवं एसडीआरएफ अधिकारियों ने झांकियों के आवागमन के दौरान संभावित खतरों से आयोजकों को अवगत कराया। सुरक्षा की दृष्टि से विसर्जन झांकियों के मार्ग में परिवर्तन का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने प्रस्तावित रूट परिवर्तन पर असहमति जताई।
इसके बाद सदर बाजार क्षेत्र में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजकों ने ध्वनि यंत्रों का साउंड निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही ध्वनि यंत्रों के बेस और वाइब्रेशन मोड को बंद रखने तथा पुलिस, प्रशासन, नगर निगम एवं एसडीआरएफ द्वारा जारी आवश्यक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने पर भी सहमति बनी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में पुलिस एवं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात की सुचारू व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी गणेश उत्सव समितियों से अपील की गई कि वे अपने पदाधिकारियों एवं वॉलंटियर्स को दिशा-निर्देशों से अवगत कराएं और विसर्जन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।
