आबिद रायपुर
रायपुर। राजधानी रायपुर में 16 से 18 जून 2026 तक बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में तीन दिवसीय आचार्य पदारोहण, सहस्रावधान एवं तपस्या महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान खरतरगच्छ परंपरा के गणाधीश पन्यास प्रवर श्री विनय कुशल मुनिजी गणि महाराज का आचार्य पद पर अभिषेक किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सकल जैन समाज छत्तीसगढ़ एवं अखिल भारतीय खरतरगच्छ संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा हैं।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष सुनील पारख और महासचिव अशोक कांकरिया ने बताया कि महोत्सव में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिड़ला शामिल होने जा रहे हैं। साथ ही राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं सांसदगण को आमंत्रित किया गया है। महोत्सव समिति के संरक्षक पूर्व मंत्री एवं रायपुर पश्चिम के विधायक श्री राजेश मूणत जी हैं।
करीब 71 वर्षों से आचार्य पद रिक्त रहने के बाद समुदाय को नया आचार्य मिलने जा रहा है। देशभर के सौ से अधिक जैन संघों के आग्रह को स्वीकार करते हुए श्री विनय कुशल मुनिजी ने आचार्य पद ग्रहण करने की सहमति दी है। इसके साथ ही 85 वर्षों बाद मोहनलालजी म.सा. समुदाय में आचार्य पदारोहण का ऐतिहासिक अवसर आने जा रहा है।
प्रचार-प्रसार समिति के अजय मालू एवं कन्हैया लूनावत ने बताया कि श्री विनय कुशल मुनिजी ने आचार्य पद के लिए आवश्यक 442 दिनों की योगग्रहण साधना पूर्ण की है। इसके बाद विभिन्न संघों और श्रद्धालुओं की विनती पर उन्होंने समुदाय और संघ के हित में आचार्य पद स्वीकार किया।
महोत्सव के दौरान 18 जून की सुबह इंडोर स्टेडियम में भव्य समारोह आयोजित होगा, जिसमें पन्यास प्रवर श्री वीरभद्र मुनिजी महाराज (विराग मुनि) द्वारा श्री विनय कुशल मुनिजी को “सूरी मंत्र” प्रदान किया जाएगा और उनका आचार्य पद पर पदारोहण कराया जाएगा।
इसके अलावा 17 जून को सहस्रावधान कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस अवसर पर बाल मुनि हंसभद्र मुनिजी हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में अपनी स्मरण शक्ति का प्रदर्शन करेंगे। यह कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
आयोजन का जिम्मा आचार्य पदारोहण सहस्रावधान तपस्या महोत्सव समिति, सकल जैन श्री संघ छत्तीसगढ़ और अखिल भारतीय खरतरगच्छ महासंघ द्वारा संभाला जा रहा है। तीन दिवसीय इस महोत्सव में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और जैन समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
